
गाजियाबाद, 16 जनवरी 2026:
मोहन मीकींस क्रिकेट ग्राउंड, गाजियाबाद में बी.आर. स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित थर्ड रत्न सिंह बॉस मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के अंतर्गत खेले गए मुकाबले में थ्री एस क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ए.पी.एस क्रिकेट क्लब को बड़े अंतर से पराजित किया।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी थ्री एस क्रिकेट अकादमी की टीम ने निर्धारित 40 ओवरों में 9 विकेट खोकर 276 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अब्दुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 110 रनों की शतकीय पारी खेली। उनके अलावा विराट ने 53 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि गौरव तोमर ने 21 रन का योगदान दिया।
ए.पी.एस क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में जय सिंह ने 3 विकेट, अशाब आलम ने 2 विकेट, जबकि दिनेश और इमरान ने 1-1 विकेट लेकर संघर्ष किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ए.पी.एस की टीम थ्री एस अकादमी की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 18.4 ओवरों में 71 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बल्लेबाजी में दिलशाद ने 16 रन, जबकि दिनेश और मेहरा ने 12-12 रन बनाए।
थ्री एस क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में चहक भारद्वाज ने घातक प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। नमन भारद्वाज ने 3 विकेट, स्वरित ने 2 विकेट और शशांक ने 1 विकेट लेकर ए.पी.एस की पारी को समेट दिया।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में चहक भारद्वाज को उनके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’, जबकि जय सिंह को संघर्षपूर्ण प्रदर्शन के लिए ‘फाइटर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर कृष्ण कुमार शर्मा, नूर भाई, देवेंद्र चौधरी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।